पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में तेजस्वी यादव का औचक निरीक्षण। ICU और ट्रॉमा सेंटर की कमी पर बिहार सरकार को घेरा।
न्यूज़ डेस्क पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में वे 13 सितंबर की देर रात पूर्णिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुँच गए।
अस्पताल में भर्ती मरीजों से उन्होंने बातचीत की और कई वार्डों का निरीक्षण किया। देर रात अचानक उनके पहुँचने से प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के बाद तेजस्वी यादव ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों की सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के बजाय उपेक्षित छोड़ दिया है। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आईसीयू की सुविधा उपलब्ध नहीं है और ट्रॉमा सेंटर भी चालू नहीं हो पाया है।
यादव ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में साफ-सफाई और मूलभूत व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। उनका कहना था कि मरीजों की बेडशीट कई-कई दिनों तक नहीं बदली जाती, जिससे उनकी परेशानियाँ और बढ़ जाती हैं।

















